कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर टेंपो ट्रेवलर और कार की जोरदार टक्कर

 


मंडी, 04 मार्च (हि.स.)। मंडी के नजदीक कीरतपुर से मनाली को जोड़ने वाले फोरलेन पर बुधवार को एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। छः मील के समीप एक टेंपो ट्रेवलर और दिल्ली नंबर की कार के बीच इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, इस भीषण हादसे के बीच सबसे सुखद और राहत भरी बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को कोई गंभीर या जानलेवा चोट नहीं आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता से आए पर्यटकों का एक समूह मनाली की हसीन वादियों का लुत्फ उठाकर टेंपो ट्रेवलर के जरिए वापस कालका रेलवे स्टेशन की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान मंडी से पीछे छः मील के पास विपरीत दिशा से आ रही दिल्ली नंबर की एक निजी कार के साथ उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद का दृश्य काफी भावुक कर देने वाला था। कोलकाता से आए पर्यटक, जो कुछ देर पहले तक पहाड़ों की यादें समेटे खुश थे, अचानक हुए इस हादसे से गहरे सदमे में आ गए। कई पर्यटक सड़क के किनारे बैठकर विलाप करते और बदहवास स्थिति में देखे गए। अचानक आई इस विपदा ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर कर रख दिया है। पर्यटकों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने उन्हें ढांढस बंधाया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक दृष्टि में सुरक्षित दूरी न बनाए रखना या मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। दुर्घटना के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर सुचारू करवाया। टेंपो ट्रैवलर में कुल 16 पर्यटक सवार थे लेकिन किसी को भी गंभीर चोट नहीं पहुंची। गनीमत रही कि दोनों वाहन हादसे के बाद ब्यास में गिरने से बच गए वरना बहुत बड़ा हादसा हो जाता। एस पी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा