मणिकर्ण घाटी में टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, 12 पर्यटक घायल
कुल्लू, 16 नवंबर (हि.स.)।। जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। सरसाड़ी के समीप पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 12 पर्यटक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर भुंतर से मणिकर्ण की ओर जा रही थी। इसी दौरान सरसाड़ी के समीप चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में सवार सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
घायलों में शुभ सुचिता जैना (29), सुराचिता जैना (55), रंजन जैना (67), मंजू रानी जैना (58), तापस कुमार जैना (31), रश्मी रंजन जैना (58), शरद दास (58), आठ वर्षीय शिवांशु शेखर, गायत्री (28) और दिव्यकांत प्रधान (32) शामिल हैं। इनमें अधिकांश पर्यटक ओडिशा के रहने वाले हैं, जबकि कुछ बेंगलुरु के निवासी बताए गए हैं। अन्य दो घायलों की पहचान संबंधी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
उधर, पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह