एबीवीपी ने करवाई स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, सैकड़ों छात्रों ने लिया भाग
नाहन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला सिरमौर द्वारा आज जिले की विभिन्न इकाइयों में स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला सिरमौर के अंतर्गत नाहन, पांवटा साहिब, कफोटा, भरली एवं नाहन संस्कृत इकाई में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ भारतीय इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों, राष्ट्रबोध एवं समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए निरंतर कार्य करना भी है। शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से परिषद द्वारा समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, ज्ञान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि युवा उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर