अभाविप ने मंडी महाविद्यालय परिसर में बांटी खीर

 


मंडी, 11 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में खीर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ-साथ महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों को भी खीर वितरित की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आपसी प्रेम, भाईचारे एवं अपनत्व का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय परिवार के बीच सेवा, सहयोग एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना रहा।

इकाई अध्यक्ष करण ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं विभिन्न समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है। विद्यार्थी परिषद केवल जिंदाबाद और मुर्दाबाद के नारे लगाने वाला छात्र संगठन नहीं है। बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सेवा, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर कार्य करती है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थी परिषद आने वाले समय में भी विद्यार्थी हित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा