बिलासपुर में 11 जून से एबीवीपी का प्रदेश अभ्यास वर्ग, 300 से अधिक कार्यकर्ता होंगे शामिल

 


शिमला, 09 जून (हि.स.)। बिलासपुर के लुहणु मैदान में 11 जून से 14 जून तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश का चार दिवसीय प्रदेश अभ्यास वर्ग आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 300 से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। एबीवीपी का कहना है कि यह अभ्यास वर्ग संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण और वैचारिक मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण मंच होगा।

विद्यार्थी परिषद के अनुसार चार दिनों तक चलने वाले इस वर्ग में प्रतिभागियों को संगठन के इतिहास, कार्यपद्धति, संगठनात्मक संरचना और विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और परिषद के राष्ट्रीय दृष्टिकोण पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि कार्यकर्ता संगठन के उद्देश्यों और कार्यों को बेहतर ढंग से समझ सकें।

अभ्यास वर्ग में एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी भी मौजूद रहेंगे। वह विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और संगठन के वर्तमान तथा भविष्य के कार्यों को लेकर अपने विचार साझा करेंगे।

एबीवीपी का कहना है कि इस अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्य संस्कृति से और अधिक मजबूत बनाना है। साथ ही उन्हें ऐसा प्रशिक्षित करना है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम कर सकें और संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें।

परिषद के प्रदेश मीडिया संयोजक अंकुश वर्मा ने बताया कि यह आयोजन हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने और नए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, अभ्यास वर्ग से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुभव के साथ-साथ छात्र आंदोलन और सामाजिक विषयों को समझने का अवसर भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा