राष्ट्रीय खेल दिवस हुआ ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मोदी ने किया युवाओं से संवाद

 


हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत जिला हमीरपुर द्वारा आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में विशेष ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को खेल, खेल विकास, युवा नेतृत्व, शासन में युवा भागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वर्चुअल संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए युवा शक्ति की भूमिका और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।

देशभर में लगभग 1600 विभिन्न स्थानों पर 8 लाख से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन से जोड़ा गया। इसी कड़ी में वॉलंटियर्स, विद्यार्थियों और युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर राष्ट्रीय युवा संवाद का हिस्सा बनाया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी हमीरपुर दीपमाला ठाकुर, प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी, निदेशक, एनआईटी हमीरपुर, डॉ. अर्चना संतोष नानोटी, रजिस्ट्रार, हमीरपुर तथा डॉ. पवन कुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया से जुड़ी एथलीट सुहानी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय युवा संवाद रहा। इसमें MY Bharat वॉलंटियर्स, विद्यार्थियों, स्थानीय खिलाड़ियों तथा उपस्थित अतिथियों के बीच संवाद हुआ। युवाओं को अपने विचार, सुझाव, अनुभव, आकांक्षाएं और खेलों से जुड़े अपने मुद्दे साझा करने का अवसर मिला।

युवा संवाद के दौरान देश में विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं एवं कोचिंग के विस्तार, खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने तथा 2036 ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा