स्वच्छता पखवाड़ा : हमीरपुर में जैनीरी माता मंदिर में सफाई अभियान, युवाओं ने लिया हिस्सा
हमीरपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) की ओर से हमीरपुर जिले में एक अगस्त से 15 अगस्त तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जैनीरी माता मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों और युवाओं ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और साफ-सुथरे वातावरण का संदेश देना रहा। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वच्छता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी चित्रकला प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में खुशबू और उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत हमीरपुर दीपमाला ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान, प्रतियोगिताएं और अन्य जनहित गतिविधियां लगातार आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा