हिमाचल के 10 खिलाड़ी नेपाल में दिखाएंगे दम
मंडी, 28 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में आयोजित होने वाली 7वीं एशियन स्वात फ्रेंच किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित हिमाचल प्रदेश के 10 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दम। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने इन खिलाड़ियों को भारतीय ध्वज सौंपकर काठमांडू के लिए रवाना किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि यहां के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे। यह प्रतियोगिता 29 अप्रैल से 3 मई तक नेपाल के काठमांडू विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी, जिसमें एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। हिमाचल के खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
टीम में काव्यांशी ठाकुर 39 किलोग्राम, वरुण वालिया 52 किलोग्राम, राहुल 56 किलोग्राम, सूर्य प्रताप सिंह कटवाल 60 किलोग्राम, अमर चंद 52 किलोग्राम, ऋषभ शर्मा 65 किलोग्राम, पंकज कुमार 75 किलोग्राम, होमनी 52 किलोग्राम, रेखा 56 किलोग्राम और सपना कुमारी 75 किलोग्राम शामिल हैं।
भारतीय महिला टीम की कोच के रूप में संतोषी देवी टीम का नेतृत्व करेंगी, जबकि अमर चंद और पंकज कुमार को ऑफिशियल जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस उपलब्धि पर स्वात एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए कहा कि उपायुक्त द्वारा खिलाड़ियों को ध्वज सौंपकर रवाना करने से उनका मनोबल बढ़ा है और प्रदेश को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा