बहुतकनीकी कॉलेजों में 60 शिक्षकों की भर्ती होगी: मंत्री राजेश धर्माणी

 


हमीरपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा है कि प्रदेश सरकार बदलती जरूरतों के अनुसार बहुतकनीकी कॉलेजों और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसी कड़ी में बहुतकनीकी कॉलेजों में शिक्षकों के 60 पद भरे जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

मंगलवार को बड़ू में बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि खेलकूद, एनसीसी, सांस्कृतिक गतिविधियां और अन्य सह-पाठयक्रम कार्यक्रम शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके बिना शिक्षा अधूरी मानी जाती है, क्योंकि ये गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उनके व्यक्तित्व को नई दिशा देती हैं। उन्होंने कहा कि बहुतकनीकी कॉलेजों में इन गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

राजेश धर्माणी ने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में “स्टूडेंट सेंट्रिक अप्रोच” के साथ काम कर रही है। विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के लिए सार्वजनिक उपक्रमों की नवरत्न कंपनियों और कॉरपोरेट क्षेत्र की अन्य बड़ी कंपनियों में अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके। उन्होंने बताया कि सरकार ने इनोवेशन पॉलिसी शुरू की है, जिसके तहत दो करोड़ रुपये का विशेष फंड रखा गया है। इस योजना में नए विचारों के साथ काम करने वाले युवाओं को 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसके अलावा प्लेसमेंट और मेंटोरशिप के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में स्किल अकादमी खोलने की घोषणा भी की गई है, जहां वर्तमान जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता, स्वरोजगार और स्टार्टअप को भी बड़े स्तर पर प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने युवाओं से इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए मंत्री ने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी पहले ही दोगुनी कर दी है और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए एसी ट्रेन और हवाई यात्रा तक की सुविधा का प्रावधान किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा