24 घंटे के भीतर पंजाब से बरामद किया गया गुमशुदा नाबालिग
नाहन, 03 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के को गुम होने के महज 24 घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है।
ग्राम धनना (डाकघर व तहसील शिलाई, जिला सिरमौर) के निवासी कल्याण के 14 वर्षीय पुत्र, सनी, के लापता होने की रिपोर्ट रात करीब 2:00 बजे दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आया।एसएचओ जीत राम, एएसआई अनिल और हेड कांस्टेबल निखिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर टीम ने पाया कि बच्चा पंजाब की ओर निकल गया है। सिरमौर पुलिस ने तुरंत जिला पटियाला (पंजाब) के थाना शंभू की पुलिस से संपर्क साधा और उनके साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा।
दोनों राज्यों की पुलिस के बीच सटीक तालमेल और त्वरित कार्रवाई के चलते, सनी को गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के 24 घंटे के भीतर पंजाब के शंभू क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर