20 करोड़ की लागत से बने खजूरना पुल का सांसद सुरेश कश्यप ने किया लोकार्पण
नाहन, 24 जून (हि.स.)। शिमला से सांसद सुरेश कश्यप ने बुधवार को नाहन–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारकंडा नदी के ऊपर लगभग ₹20 करोड़ की लागत से निर्मित 180 मीटर लंबे खजूरना पुल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पुल जिला सिरमौर और विशेष रूप से देहरादून आने-जाने वाले यात्रियों, पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और तेज़ आवागमन सुनिश्चित करेगा।
इस पुल का लोकार्पण वर्चुअली माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन गडकरी ने करना था लेकिन तकनीकी करने के चलते हो शामिल नहीं हो पाए और सांसद सुरेश कश्यप ने बटन दबाकर किया लोकार्पण।
सुरेश कश्यप ने कहा कि वर्ष 2022 में प्रारंभ हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लगभग तीन वर्षों में पूर्ण कर जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में लगभग ₹22,190 करोड़ की लागत से 35 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 545 किलोमीटर है। वहीं वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच प्रदेश में ₹14,172 करोड़ के निवेश से लगभग 10,160 किलोमीटर लंबी 160 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं।उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने सीआरएफ के तहत डेहरी-पुर्जगा सड़क के लिए ₹205 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त पिंजौर-बद्दी फोरलेन परियोजना में आए व्यवधानों को दूर कर शीघ्र कार्य पुनः आरंभ किया जाएगा ताकि क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिल सके।
सांसद कश्यप ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण हिमाचल में सड़क संपर्क विकास की सबसे बड़ी आवश्यकता है और केंद्र सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर