15 अगस्त को नहीं होगी स्कूलों में छुट्टी, प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह

 


शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। जब देश आजादी का जश्न मनाने के लिए तिरंगे के रंग में रंगा होगा, उस दिन हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के परिसर भी देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आएंगे। इस बार 15 अगस्त को सरकारी स्कूलों में सामान्य छुट्टी नहीं रहेगी। प्रदेशभर के सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे और यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे सम्मान और उत्साह के साथ आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की मौजूदगी में राष्ट्रीय पर्व मनाने की तैयारियां करने के निर्देश शिक्षा विभाग ने जारी कर दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय की ओर से जारी आदेश में सभी उप निदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक और प्रारंभिक) तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसरों के प्रधानाचार्यों को अपने-अपने क्षेत्रों के स्कूलों में इन निर्देशों को लागू करवाने को कहा गया है।

शिक्षा विभाग ने आदेश में कहा है कि 15 अगस्त को सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे और स्वतंत्रता दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से किया जाएगा। स्कूलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने अधिकारियों को कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी स्कूलों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्कूलों की भागीदारी संबंधित तहसील, उपमंडल और जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोहों में रहे।

स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जाती है।

स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अपने आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों का आयोजन पूरी गरिमा के साथ किया जाना चाहिए और इसमें स्कूलों की सक्रिय भागीदारी रहनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा