‘प्यारी बेटी’ मुहिम बनेगी बेटियों के लिए प्रेरणा: सीईओ सुरेश राविश
कैथल, 05 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘प्यारी बेटी’ मुहिम अब गांव-गांव में प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह बात जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने जिला सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कही।
बैठक में जिले के 20 चयनित गांवों जिनमें 10 बेहतर और 10 निम्न लिंगानुपात वाले गांव शामिल हैं, से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली बेटियों ने भाग लिया। प्रत्येक गांव से तीन से चार बेटियां इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान संबंधित गांवों के सरपंच भी मौजूद रहे।
सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य गांवों में बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि जिस गांव की बेटी किसी क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करती है, उसे उसी गांव में रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि अन्य बेटियां उससे प्रेरणा ले सकें। ये बेटियां गांव में चलाए जा रहे सरकारी जागरूकता अभियानों में भी सहयोग करेंगी।
उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के लिए डीसी अपराजिता द्वारा शुरू की गई यह पहल सराहनीय है। हर गांव से रोल मॉडल बेटियों का चयन कर एक सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सोच बदलेगी।
सुरेश राविश ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने पंचायतों से आह्वान किया कि यदि किसी बेटी की पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित हो रही है तो उसकी सहायता के लिए आगे आएं, ताकि कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए।
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए डीडीपीओ रितु लाठर और सीएमओ डॉ. रेनू चावला भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। डीडीपीओ ने बताया कि चयनित बेटियां अपनी उपलब्धियों पर आधारित लेख चार दिनों के भीतर सरपंच के माध्यम से उनके कार्यालय में जमा करवाएं, ताकि उन्हें प्रकाशित किया जा सके। वहीं, सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में बेटियों ने अपने अनुभव साझा किए और इस पहल को अपने लिए एक नया मंच बताया, जो उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे