हिसार : हरियाणा के वार्षिक बजट में प्रदेश के व्यापारी व उद्योगपतियों को पूरी तरह निराशा हाथ लगी : बजरंग गर्ग
वार्षिक बजट में वैट कर व मार्केट फीस में किसी
भी प्रकार की छूट ना देने से व्यापारियों में नाराजगी
हिसार, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश व्यापार
मंडल के अध्यक्ष व हरियाणा कॉन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने कहा है कि हरियाणा
के वार्षिक बजट में प्रदेश के व्यापारी व उद्योगपतियों को पूरी तरह निराशा हाथ लगी
है। वार्षिक बजट में वैट कर व मार्केट फीस में किसी भी प्रकार की छूट ना देने से व्यापारियों
में नाराजगी है।
बजरंग दास गर्ग ने साेमवार काे कहा कि बजट में ना ही पेट्रोल
व डीजल पर वैट कर काम किया गया और ना ही सब्जी, फलों व अनाज पर मार्केट फीस हटाई गई
जबकि हरियाणा में छोटे व मध्यम उद्योग लगातार बंद होते जा रहे हैं।
हरियाणा के बजट
में छोटे व मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किसी भी प्रकार की रियायतें ना देने
से नाराजगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापारी व उद्योगपतियों को इस बजट से भारी
उम्मीद थी। मुख्यमंत्री ने व्यापारी व उद्योगपतियों से बजट में सुविधा देने के लिए
जो सुझाव लिए थे, वह सब ढकोसला निकला। मुख्यमंत्री ने उन सभी सुझाव को रद्दी की टोकरी
में डालकर व्यापारी व उद्योगपतियों के साथ भद्दा मजाक किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा
सरकार हर साल कर्जा बढ़ाकर जनता पर लाखों-करोड़ों रुपए का कर्ज़ का बोझ डाल देती है, लेकिन राहत कुछ नहीं देती।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर