हिसार : सीएम फ्लाइंग टीम ने बालसमंद सब अनाज मंडी में निर्माण कार्यों की जांच की

 


टीम ने जांच के दौरान लिए सड़क व फड़ के सैंपल

हिसार, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव बालसमंद

स्थित सब अनाज मंडी में निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद मंगलवार

को सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। टीम ने मंडी परिसर में बनाई

गई सड़कों तथा सीसी (कंक्रीट) से तैयार किए गए फड़ (कंक्रीट प्लेटफॉर्म) के कई सैंपल

एकत्रित कर उन्हें जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे।

संयुक्त टीम में सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज

सुनैना, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एसडीओ भरत सिंह, एसडीओ सुरेंद्र रेड्डू,

जेई भवन वधवा, ईएसआई कृष्ण कुमार और एएसआई सुरेंद्र सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम

ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार हरियाणा राज्य कृषि विपणन

बोर्ड द्वारा गांव बालसमंद में किसानों की सुविधा के लिए इस सब अनाज मंडी का निर्माण

करवाया गया है। मंडी में फसल रखने के लिए सीसी से फड़ बनाए जा रहे हैं, वहीं आंतरिक

सड़कों का निर्माण भी कराया गया है, ताकि किसानों को आवागमन और फसल उतारने में किसी

प्रकार की दिक्कत न हो। बताया जा रहा है कि करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से यह निर्माण

कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एक ठेकेदार को अलॉट किया गया था।

हालांकि स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्र के लोगों

ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार

द्वारा घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते नई बनी सड़कें कई जगहों

से उखड़ने लगी हैं। इसके अलावा मंडी में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था भी नहीं की

गई, जिससे बरसात के दिनों में परेशानी बढ़ने की आशंका है।

इन शिकायतों पर सीएम फ्लाइंग टीम ने मौके पर

पहुंचकर सड़कों और फड़ों की गुणवत्ता जांचने के लिए सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए

लैब में भेजा जाएगा। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर