हिसार : साइबर व सामान्य अपराधों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें : आईजी
आईजी की अध्यक्षता में हुई आपराधिक गोष्ठी, दिए कड़े निर्देश
हिसार, 10 जून (हि.स.)। हिसार रेंज के आईजी कुलदीप सिंह ने पुलिस अधीक्षकों
व अन्य अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं वे साइबर व सामान्य अपराधों बारे त्वरित व कड़ी
कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार व अपराध पर रोकथाम
पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
आईजी कुलदीप सिंह बुधवार को बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दे
रहे थे। इसमें पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, सभी इकाइयों के प्रभारी, प्रभारी साइबर थाना
तथा प्रभारी साइबर सैल उपस्थित रहे। गोष्ठी का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती हुई अपराध
प्रवृत्तियों, विशेषकर साइबर अपराधों पर नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई एवं जनहित सुरक्षा
को सुनिश्चित करना था। आईजी ने सभी इकाई प्रभारियों को अपराध की त्वरित जांच व प्रभावी
निवारक कदम उठाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों के मामलों में विशेषज्ञता बढ़ाने के
लिए साइबर सैल व थानों के बीच समन्वय और सूचना आदान-प्रदान को और सुदृढ़ की जाए, डिजिटल
साक्ष्य संग्रहण, साइबर फोरेंसिक प्रक्रियाओं और तीव्रता से थानागत फॉलो-अप सुनिश्चित
किए जाएं, राजकीय, निजी संस्थानों, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाओं के साथ संयुक्त परिरक्षण
व जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जाए, नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग एवं पहचान
चोरी के प्रति सावधान करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।
आईजी ने ये भी निर्देश दिए कि शांति, कानून-व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित
करने के लिए पेट्रोलिंग, चौकसी तथा त्वरित आपात प्रतिक्रिया प्रणाली को और सशक्त किया
जाए, अपराध नियंत्रण के लिए उपलब्ध बल का समुचित नियोजन, सतत प्रशिक्षण व मॉनिटरिंग
व्यवस्था लागू की जाए, किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही पाए जाने पर कड़ी
अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
आईजी ने कहा कि पुलिस का प्राथमिक दायित्व नागरिकों
की जीवन संपत्ति की सुरक्षा है। तकनीक आधारित अपराधों के बढ़ते खतरे के मद्देनजर हर
इकाई को सजग, उत्तरदायी और सक्रिय रहकर जनता का भरोसा बनाए रखना होगा। सार्वजनिक शिकायतों
का त्वरित निवारण और अपराधियों के विरुद्ध दृढ़ कार्रवाई हमारी शीर्ष प्राथमिकता होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर