हिसार : लुवास को मिला राष्ट्रीय सम्मान:डॉ. नीलेश सिंधु ‘प्रशंसा सम्मान’ से नवाजे गए
कोलकाता में हुई पांचवीं भारतीय पशु त्वचा विज्ञान कांग्रेस में लुवास को मिला ‘संस्थागत प्रशस्ति प्रमाण पत्र’
हिसार, 25 जून (हि.स.)। यहां के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान
विश्वविद्यालय (लुवास), ने राष्ट्रीय पटल पर एक बार फिर अपनी वैज्ञानिक श्रेष्ठता का
लोहा मनवाया है। कोलकाता के प्रतिष्ठित आईटीसी रॉयल बंगाल में आयोजित ‘पांचवीं भारतीय
पशु त्वचा विज्ञान कांग्रेस’ में लुवास के वैज्ञानिक, सहायक प्रोफेसर एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नीलेश सिंधु
को पशु त्वचा विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय वैज्ञानिक योगदान के लिए राष्ट्रीय
स्तर पर सम्मानित किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय में आयोजित एक विशेष भेंट कार्यक्रम के दौरान
कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने डॉ. नीलेश सिंधु को इस गौरवमयी उपलब्धि पर
हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। कुलपति ने कहा कि डॉ. सिंधु की यह सफलता पूरे विश्वविद्यालय
के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उनके इस शोध व वैज्ञानिक योगदान से पशु चिकित्सा शिक्षा
एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लुवास की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत
हुई है।
सम्मेलन में जज और चेयरमैन की निभाई भूमिका
एसोसिएशन फॉर वेटरनरी डर्मेटोलॉजी, इंडिया (एवीडी) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित
सम्मेलन में देश-विदेश के शीर्ष पशु चिकित्सा विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों
ने हिस्सा लिया। डॉ. नीलेश सिंधु को सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों में जज एवं चेयरपर्सन
के रूप में उनकी विशेषज्ञ सेवाओं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए ‘प्रशंसा प्रमाण पत्र’ एवं ‘प्रशंसा सम्मान’ से विभूषित किया गया।
उन्होंने सम्मेलन के महत्वपूर्ण ‘पैटस्टार मैनकाइंड एवं प्रैक्टिशनर सत्र’ में बतौर चेयरमैन भी
अपनी सेवाएं दीं।
लुवास को मिला ‘संस्थागत प्रशस्ति प्रमाण पत्र’
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. सिंधु के साथ-साथ लुवास विश्वविद्यालय को भी
एक बड़ी संस्थागत उपलब्धि हासिल हुई। पशु त्वचा विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों
व संकाय सदस्यों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने, शोध संस्कृति को बढ़ावा देने और शैक्षणिक
गतिविधियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लुवास को अ“संस्थागत प्रशस्ति प्रमाण
पत्र” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान विश्वविद्यालय की उच्च शैक्षणिक परंपराओं का एक बड़ा प्रमाण है। इस विशेष अवसर पर कुलपति के साथ पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.
राजेश खुराना तथा विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञान सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने
डॉ. सिंधु को इस राष्ट्रीय गौरव के लिए बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर