हिसार : लाला लाजपत राय के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : प्रो. विनोद कुमार वर्मा
लुवास में लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित
हिसार, 17 नवंबर (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय
(लुवास), में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रभक्त लाला लाजपत राय की
पुण्यतिथि पर छात्र कल्याण निदेशालय की ओर से श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कुलपति कार्यालय प्रांगण में स्थापित उनकी प्रतिमा पर कुलपति प्रो. (डॉ.)
विनोद कुमार वर्मा ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कुलपति ने कहा कि लाला लाजपत राय का जीवन अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, देशप्रेम
और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका
निभाकर देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और स्वाभिमान की भावना जागृत की। देश की आजादी
के लिए उनका संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत
रहेगा। उन्होंने कहा कि लाला जी ने स्वतंत्रता संग्राम के साथ शिक्षा, सामाजिक सुधार
और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राम नजर चौधरी, छात्र कल्याण निदेशक एवं संपदा अधिकारी
डॉ. संदीप गुप्ता, विस्तार शिक्षा निदेशक एवं स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. गौतम, डेयरी
विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सुशीला मान, आई.पी.वी.एस. निदेशक डॉ. संजय यादव
तथा ओएसडी डॉ. रविन्द्र सैनी सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी, विभिन्न विभागों
के विभागाध्यक्ष और वैज्ञानिकों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने
लाला लाजपत राय के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक योगदान को याद
करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर