हिसार : रोडवेज कर्मचारियों का ऐलान: मांगें नही मानी तो पांच सितंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल

 


दो घंटे किया प्रदर्शन, परिवहन मंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप, हजारों रिक्त

पदों पर भर्ती समेत कई मांगें उठाईं

हिसार, 13 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने सरकार को

चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों की लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो

पांच सितंबर को प्रदेशभर में राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसी कड़ी में गुरुवार को

मोर्चे के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत हिसार डिपो में कर्मचारियों ने दो घंटे प्रदर्शन

कर रोष जताया और डिपो महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व संदीप जैनावास, अजय दुहन, अरुण शर्मा और बजरंग लाखा ने

किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान

मंत्री ने कर्मचारियों के बीच पहुंचकर 15 दिन में मांगों को लेकर बैठक बुलाने का आश्वासन

दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी बैठक के संबंध में कोई पत्र जारी नहीं

किया गया। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। नेताओं ने कहा कि 13 अगस्त को प्रदेश

के सभी रोडवेज डिपो में दो घंटे का विरोध प्रदर्शन कर सरकार को चेताया गया है। कर्मचारियों

की प्रमुख मांगों में चालक, परिचालक, हेल्पर और मैकेनिक सहित हजारों रिक्त पदों पर

भर्ती, परिचालकों और चालकों का वेतनमान बढ़ाना, परिचालकों को लिपिकों की तर्ज पर तीन

वेतनवृद्धियां देना तथा जोखिम भत्ता देना शामिल है।

इसके अलावा 2016 में भर्ती चालकों को नियमित करने, 2018 में भर्ती कर्मशाला

कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम

से लगे परिचालकों सहित सभी कर्मचारियों को नियमित करने और स्टैंड प्रभारी का पद सृजित

करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त करने,

अर्जित अवकाश का लाभ बहाल करने, कार्यालय सहायकों के पद बढ़ाने तथा लिपिकों की पदोन्नति

की मांग भी उठाई।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे आंदोलन कर आम जनता को परेशान नहीं करना चाहते,

लेकिन सरकार की बेरुखी के कारण उन्हें मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द वार्ता और समाधान नहीं हुआ तो 5 सितंबर की

राज्यव्यापी हड़ताल तय है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर