हिसार में इनेलो ने महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

 


जनता की जेब पर

डकैती डाल रही भाजपा सरकार : संपत सिंह

हिसार, 01 जून

(हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बिजली किल्लत, आसमान

छूते तेल के दामों और घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को एचएयू के गेट नंबर 4 के पास स्थित पार्क

में जिलेभर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने पहुंचना शुरू किया।

जिला

अध्यक्ष सतपाल काजला के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान नारों और सरकार विरोधी

तख्तियों के साथ यह रोष मार्च पार्क से शुरू होकर सीधे लघु सचिवालय पहुंचा, जहां इनेलो

के राष्ट्रीय संरक्षक प्रोफेसर संपत सिंह ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर राष्ट्रीय

संरक्षक प्रो. संपत सिंह और जिला अध्यक्ष सतपाल काजला ने कहा कि इस प्रदर्शन में जिले

के सभी हलकों से उमड़ी भारी भीड़ यह साबित करती है कि जनता भाजपा की कुनीतियों से पूरी

तरह त्रस्त हो चुकी है। बिजली के भारी-भरकम बिलों और अघोषित कटों ने लोगों का जीना

मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी करके सरकार

आम जनता की जेब पर सरेआम डकैती डाल रही है।

नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी

कि यह तो सिर्फ शुरुआत है, अगर सरकार ने तुरंत महंगाई पर लगाम नहीं लगाई और जनविरोधी

फैसले वापस नहीं लिए, तो इनेलो इस आंदोलन को और उग्र करेगी।

इस अवसर पर मुख्य

रूप से उपरोक्त के अलावा छत्तर सिंह, दलबीर किरमारा, राजीव राजा, साहिल दीप कसवां,

तेलूराम, सत्यवान, चरण सिंह, चेत राम ढाका, रामचन्द्र बेनीवाल, जंग बहादुर, सुभाष टांक,

सत्यनारायण मंगाली, राजू तलवंडी, सूरज कालीरावना, मांगेराम न्योली, देवी लाल, कृष्ण

किरमारा, सूखी मंगाली, सीताराम जाखड़, भूप सिंह मूंड, देव दहिया, निहाल सिंह सिवानी,

अनुराग कुंडू, बलबीर सिहाग व जिला प्रवक्ता विनोद कसवां एडवोकेट सहित सभी हलकों के

प्रमुख पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर