हिसार में 10 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों का सुरक्षा घेरा, 4994 लोकेशनों पर पुलिस की नजर

 


जिले की सीमाओं पर भी लगाए 367 कैमरे

हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराधियों

की गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों

का बड़ा नेटवर्क तैयार किया गया है। जिले में 4994 लोकेशनों पर 10 हजार तीन सीसीटीवी

कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अन्य जिलों से लगती सीमाओं पर 367 कैमरे निगरानी कर

रहे हैं। शहरों, कस्बों, बाजारों और मुख्य मार्गों से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों तक

फैला यह नेटवर्क पुलिस के लिए सुरक्षा के मजबूत तंत्र के रूप में काम कर रहा है। इससे

न केवल संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी, बल्कि

वारदात होने के बाद आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने में भी

सहूलियत होगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे बताया कि आधुनिक

तकनीक अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है। जिले

के सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों, बाजारों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर लगे कैमरों

के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।

किसी वारदात के बाद फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण

साक्ष्य जुटाने में पुलिस को मदद मिलती है।

जिला सीमाओं पर भी 367 कैमरों का पहरा

जिले की अन्य जिलों से लगती सीमाओं पर लगाए गए

367 सीसीटीवी कैमरे भी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से

सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। अपराध

करके जिले से बाहर निकलने या जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों

की पहचान में भी ये कैमरे मददगार साबित हो सकते हैं। इसके अलावा दूसरे जिलों की पुलिस

के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने में भी सहायता मिलेगी।

चोरी, लूट और स्नैचिंग की जांच में मिलेगी मदद

एसपी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे केवल वारदात के

बाद साक्ष्य जुटाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर इनकी मौजूदगी से

सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है। चोरी, लूट, स्नैचिंग और वाहन चोरी जैसी घटनाओं

में संदिग्धों की पहचान करने तथा जांच को आगे बढ़ाने में फुटेज महत्वपूर्ण कड़ी साबित

होती है।

व्यापारियों और आमजन से कैमरे लगाने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने आमजन, दुकानदारों, व्यापारिक

प्रतिष्ठानों और शिक्षण संस्थानों के संचालकों से अपने परिसर में अच्छी गुणवत्ता वाले

सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैमरे इस तरह लगाए जाएं कि मुख्य

प्रवेश द्वार, बाहर का रास्ता और आसपास का क्षेत्र स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सके। साथ

ही रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और कैमरों की नियमित जांच करवाने पर भी ध्यान दिया जाए।

किसी आपराधिक घटना की जांच के दौरान पुलिस द्वारा फुटेज मांगे जाने पर सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर