हिसार : भविष्य उन्हीं का है जो सोचते हैं अलग, करते हैं नया और बनाते हैं अवसर : प्रो. संजीव

 




गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में विशेष शैक्षणिक

कार्यक्रम का हुआ आयोजन

हिसार, 25 मार्च (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस में उद्यमिता परिषद के

सौजन्य से बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का

आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य

विद्यार्थियों को उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें भविष्य

के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावसायिक सोच विकसित

करने, जोखिम उठाने की क्षमता और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति

प्रो. नरसी राम बिश्नोई के मार्गदर्शन में किया गया। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई

ने बुधवार काे अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों को भविष्य के सफल उद्यमी बनने

के लिए प्रेरित करने में सहायक होगा, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन, नवाचार और दृढ़ संकल्प

के साथ अपने सपनों को साकार करने में मदद करेगा। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों

को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं ताकि वे समाज में एक सकारात्मक परिवर्तन

ला सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने, नए विचारों

को अपनाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक प्रो. संजीव

कुमार ने इस पहल को सशक्त दिशा प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस परिषद की स्थापना का

मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित

करना है। उद्यमिता परिषद निरंतर नवाचार को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को सही दिशा में

मार्गदर्शन प्रदान करने और विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता को विकसित करने के लिए

सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उद्यमिता परिषद विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व क्षमता,

निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास को विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का

आयोजन करती रहती है।

मेंटर डा. मणीश्रेष्ठ ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित

एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि उद्यमिता

परिषद द्वारा विद्यार्थियों के कौशल को विकसित करने एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कदम

उठाए जा रहे हैं। सह-मार्गदर्शक डा. अंजली गुप्ता ने विद्यार्थियों को इस दिशा में

निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया और परिषद की गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी

दी। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों

में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और व्यावसायिक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण

योगदान दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के सदस्यों

राहुल, संयम, रूद्र, कर्ण, विपिन, निशिका, पलक, मिताशु, प्रिया, शेफाली व नैतिक का

विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर