हिसार : बैरियर तोड़कर नहर में गिरा ट्रक, ड्राइवर-कंडक्टर घायल, सैर कर रहे लोग बाल-बाल बचे
ट्रक की सीएनजी गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी
ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर दोनों को बाहर
निकाला
हिसार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हांसी-चंडीगढ़ सड़क
मार्ग पर गांव राजथल के पास मसूदपुर नहर के निकट एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिस नाके
के बैरियर तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक और कंडक्टर घायल हो गए।
ट्रक से सीएनजी गैस का रिसाव होने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद
ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को ट्रक से बाहर निकाला। वहीं, सड़क किनारे सैर
और कसरत कर रहे कई लोग भी ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस
मौके पर पहुंची और लोगों को ट्रक से दूर हटाया।
जींद जिले के गांव ईसापुर खेड़ी निवासी अतुल ने
बताया कि वह रात को ट्रक में सामान भरकर हिसार के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ कंडक्टर
सागर भी था। रविवार सुबह जब वे गांव राजथल के पास मसूदपुर नहर के नजदीक पुलिस नाके
पर पहुंचे तो अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक नाके पर रखे बैरियर को तोड़ता हुआ
नहर में जा गिरा। हादसे में दोनों घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें ट्रक
से बाहर निकाला, जिसके बाद उनका प्राथमिक उपचार करवाया गया।
ट्रक की टंकी से सीएनजी गैस का तेजी से रिसाव
होने लगा। आग लगने की आशंका को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों
और अन्य लोगों को ट्रक से दूर कर दिया। गैस रिसाव के कारण लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों
की ओर चले गए। समय रहते लोगों को दूर हटाने से संभावित बड़े हादसे का खतरा टल गया। गांव राजथल निवासी सुनील कुमार ने बताया कि वह
रोजाना की तरह रविवार सुबह भी सैर और कसरत करने के लिए आया था। वह नहर के पुल के पास
बैठकर आराम भी करता है, लेकिन उस समय पुल से करीब 10 कदम दूर खड़ा होकर कसरत कर रहा
था। तभी उसने ट्रक को अपनी तरफ आते देखा। शुरुआत में उसे लगा कि कोई जानकार होगा, लेकिन
ट्रक नजदीक आने पर वह तुरंत दूर भाग गया और उसकी जान बच गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर