हिसार : बरवाला-जींद मार्ग पर 7 अगस्त से भारी वाहनों की एंट्री बंद

 


कांवड़ यात्रा-2026: पुलिस अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च

प्राथमिकता, हुड़दंग और नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी

हिसार, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़

यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस

ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देश

पर जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश

जारी किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके और आमजन

को भी यातायात संबंधी न्यूनतम असुविधा हो।

एसपी सिद्धांत जैन ने बुधवार काे बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं

की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हिसार पुलिस की सर्वोच्च

प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही,

हुड़दंग, नियमों की अवहेलना या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश को किसी भी कीमत पर

बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और सुरक्षा

व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

बरवाला-जींद मार्ग पर 7 से भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए 7 अगस्त से बरवाला बाईपास-जींद

रोड (खेड़ी चौपटा मार्ग) पर भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय

लिया गया है।

पुलिस के अनुसार बरवाला से जींद जाने वाले भारी वाहनों को बनभोरी-उचाना

मार्ग से भेजा जाएगा, जींद से बरवाला आने वाले भारी वाहन भी उचाना-बनभोरी के वैकल्पिक

मार्ग का उपयोग करेंगे, इस संबंध में जींद और हांसी पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया

गया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे रूट डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक

मार्गों का ही प्रयोग करें।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनुशासन

और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। इसके तहत सड़क की बाईं लेन में चलें, डीजे की ऊंचाई

सुरक्षित सीमा में रखें, वाहन में क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं तथा सभी यातायात

नियमों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर