हिसार पुलिस ने होटल में छापा मारकर पकड़ा जुए का अड्डा, आठ जुआरी काबू

 

मौके से दो लाख 72 हजार 600 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद

हिसार, 28 सितंबर (हि.स.)। राजगुरु मार्केट स्थित होटल ब्लू स्टार की तीसरी

मंजिल पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ व्यक्तियों

को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो लाख 72 हजार 600 रुपये की जुआ राशि और

52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस ने साेमवार काे बताया कि सीआईए टीम रात्रि गश्त एवं अपराध पड़ताल के दौरान पड़ाव चौक

पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि होटल ब्लू स्टार की तीसरी मंजिल पर

बने हाल में 7-8 व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपये दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना

की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल की तीसरी मंजिल पर पहुंचकर

रेड की। पुलिस टीम को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके

से आठ व्यक्तियों को काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हाथों में ताश के

पत्ते और घुटनों के नीचे नकदी रखी हुई थी। तलाशी के दौरान कुल दो लाख 72 हजार 600 रुपये

की नकदी तथा 52 ताश के पत्ते बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान होटल में ही रहने वाले उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी

माही, ज्योतिपुरा मोहल्ला निवासी अजय, 12 क्वार्टर निवासी मंगल व सुदामा, कबीर चौक

निवासी सुरेन्द्र, बेगू रोड सिरसा निवासी योगेश, तरसेम नगर निवासी दीपक व महाबीर कॉलोनी

निवासी रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में

लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर