हिसार पुलिस ने गैंगस्टर काला खैरमपुरिया का साथी दिनेश खैरमपुरिया को दबोचा

 




पुलिस ने बदमाश को साइप्रस से किया डिपोर्ट, लगातार

था राडार पर

हिसार, 12 जून (हि.स.)। हिसार पुलिस ने शहर के

महेन्द्रा शोरूम पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में गैंगस्टर काला खैरमपुरिया के साथी

दिनेश खैरमपुरिया को साइप्रस से डिपोर्ट किया है। पकड़ा गया आरोपी जिले के आदमपुर क्षेत्र

के गांव खैरमपुर का रहने वाला है। वह वर्ष 2020 में स्टडी वीजा पर साइप्रस गया था और

वहां बैठकर भारत में अपराध को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को पत्रकार

वार्ता में बताया कि साइप्रस में बैठे दिनेश का काम लोगों को डरा धमकाकर उगाही करने

का था। वह विदेश से पूरा गैंग हैंडल कर रहा था। आरोपी लगातार पुलिस की रडार पर था।

पुलिस के अनुसुार दिनेश हिसार पुलिस की रडार पर तब आया जब इनेलो नेता रामभगत गुप्ता

के नई ऑटो मार्केट स्थित महिंद्रा शोरूम पर करीब दो साल पहले फायरिंग हुई थी। इस मामले

में पुलिस काला खैरमपुरिया को गिरफ्तार कर चुकी है और तीन आरोपियों विकास, सन्नी खरड़

और आशीष का एनकाउंटर हो चुका है।

दो साल साल पहले की थी शोरूम पर फायरिंग

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लगभग दो साल पहले ऑटो

मार्केट स्थित महेंद्रा शोरूम पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। गोलियों की आवाज से पूरे

इलाके में हड़कंप मच गया था। दहशत के चलते लोग दुकानों में छिप गए थे। यहां करीब 30

राउंड फायर किए गए। शोरूम के सामने के शीशे टूट गए थे और एक गाड़ी के आगे के शीशे में

भी गोली लगी थी।

30 राउंड फायर किए थे

फायरिंग से पहले दो बदमाश शोरूम के अंदर गए थे

और काउंटर पर पर्ची फेंकी थी। इसके बाद बाहर आकर फायरिंग शुरू कर दी। एक-एक कर यहां

करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गई। इसके बाद बदमाश बाइक से ही बरवाला चुंगी की तरफ फरार

हो गए। फायरिंग के बीच लोगों ने गाड़ियों के पीछे छिपकर जान बचाई। बदमाशों के जाने के

बाद लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

पांच करोड़ रुपए कि फिरौती मांगी थी

शोरूम के काउंटर पर बदमाशों ने एक पर्ची फेंकी

थी। उस पर लिखा था, ‘जय श्री राम, जय गऊ माता। या तो 5 करोड रुपए तैयार कर लिए, नहीं

तो शोरूम में बैठने वाला नहीं पावैगा। काला खैरमपुरिया, लालू खारिया, सन्नी खरड़ीया,

साजिद खान, सुरेश ढढूंरिया, भाउ गैंग, नीरज बवाना गैंग, नीरज फरीदपुरिया।’

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर