हिसार : त्योहारों पर बाजारों में संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें : सिद्धांत जैन

 


जेबतराशी, मोबाइल व पर्स चोरी की घटनाओं से बचने के लिए पुलिस की आमजन और व्यापारियों

से अपील

दुकानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश

हिसार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़

के मद्देनजर पुलिस ने चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा

व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे आमजन और व्यापारियों

से सतर्क रहने तथा बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने का आह्वान

किया है।

एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़

बढ़ जाती है। ऐसे में जेबतराशी, पर्स व मोबाइल चोरी और दुकानों में चोरी जैसी वारदातों

की आशंका भी बढ़ जाती है। थोड़ी सी सतर्कता और सुरक्षा उपायों से ऐसी घटनाओं को रोकने

में मदद मिल सकती है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में

रखें तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाजार में खरीदारी करते समय अपने पर्स,

मोबाइल फोन, आभूषण और नकदी का विशेष ध्यान रखें। भीड़ में किसी अनजान व्यक्ति की संदिग्ध

गतिविधि दिखाई देने पर सतर्क रहें और स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना

दें। दुकानदार दुकानों के अंदर और बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने दें तथा सीसीटीवी कैमरों

की नियमित जांच करें। दुकान बंद करते समय शटर, ताले और अन्य सुरक्षा प्रबंधों को अच्छी

तरह जांच लें।

पुलिस ने वाहन चालकों से भी निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने और

उनमें कीमती सामान खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है। किसी भी चोरी, छीनाझपटी या

संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया है। हिसार पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन

की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा

रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों से बचने, सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करते

हुए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर