हिसार : डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने किया सुमन कादयान व बलजीत की पुस्तकों का लोकार्पण
हिसार, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा कला संस्कृति
मंच, हिसार की ओर से कला भवन, मार्वल सिटी में वरिष्ठ लेखिका डॉ. सुमन कादयान की पुस्तक
‘संस्कृति के पन्ने’ तथा घुमक्कड़ साहित्यकार बलजीत सिंह की दो पुस्तकों ‘गोवा से नेपाल तक’ व ‘पक्षियों के संसार
में’ का विमोचन हरियाणा
साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पंचकूला के निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने साेमवार काेा किया। वरिष्ठ
साहित्यकार डॉ. ओमप्रकाश कादयान की अध्यक्षता में आयोजित इस पुस्तक विमोचन कार्यक्रम
के मुख्य अतिथि अकादमी के निदेशक डॉ. धर्म देव विद्यार्थी थे। राह ग्रुप फाउंडेशन के
नेशनल चेयरमेन नरेश सेलपाड़ व जम्भ शक्ति एनजीओ के अध्यक्ष विकास गोदारा कार्यक्रम
के विशिष्ट अतिथि थे।
डीएवी पब्लिक स्कूल, हांसी के प्राचार्य सुरेश
कुमार विशेष आमन्त्रित अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य
अतिथि एवं हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के निदेशक डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने
दोनों लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि डॉ. सुमन कादयान की पुस्तक ‘संस्कृति के पन्ने’ हरियाणवी कला संस्कृति
पर केंद्रित एक जरूरी व उपयोगी पुस्तक है।
वहीं बलजीत सिंह की पुस्तक पक्षियों पर केंद्रित है तो दूसरी पुस्तक यात्राओं,
पर्यटन स्थलों से संबंधित पठनीय व जानकारीपूर्ण है। डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा
कि आज हमारे समाज में फैली बहुत सी अव्यवस्थाओं, बुराइयों व स्वार्थ के कारण सहयोग,
भाईचारा व त्याग की भावना कम हो रही है।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ओमप्रकाश कादयान ने कहा
कि साहित्यकार अपने लेखन से समाज, देश, पर्यावरण जल, जंगल बचाने की अलख जगाएं। अच्छे
कामों में सदा समय लगता है। हम अपना दायित्व ईमानदारी से निभाएं। राह ग्रुप के चेयरमेन
नरेश सेलपाड़ ने कहा कि साहित्य जीवन को बेहतर बनाता है तथा सामाजिक सम्बधों को मजबूत
करता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुमन कादयान ने अपनी
कुछ कविताएं सुनाईं तो बलजीत सिंह ने यात्राओं से जुड़े रोचक किस्से सांझा किए। संस्था
की ओर से मुख्य अतिथि धर्मदेव विद्यार्थी को सम्मानित किया गया तथा नरेश सेलपाड़, विकास
गोदारा, प्राचार्य सुरेश कुमार व स्वाति को मुख्य अतिथि व कार्यक्रम अध्यक्ष ने स्मृति
चिन्ह भेंट किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर