हिसार : डीसीआरआईएम अभिषेक बंसल का पंचकूला तबादला
परिवार पहचान पत्र में शिकायतें मिलने पर किया
गया तबादला
हिसार, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हिसार
में तैनात डिस्ट्रिक्ट सिटीजन रिसोर्स एंड इंफॉर्मेशन मैनेजर (डीसीआरआईएम) अभिषेक बंसल
का तबादला कर दिया है। उन्हें तुरंत प्रभाव से हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (एचपीपीए),
पंचकूला में लगाया गया है। सरकार की ओर से जारी तबादला के इस आदेश को देखते हुए संभावना
है कि अभिषेक बंसल को शिकायतें मिलने के बाद बदला गया है।
सिटिजन रिसोर्स इंफॉर्मेशन डिपार्टमेंट (सीआरआईडी)
की ओर से बुधवार को जारी आदेशों में साफ निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारी को तबादले
से अगले दिन हर हाल में पंचकूला हेड ऑफिस में अपनी ज्वाइनिंग देनी होगी। आदेश में स्पष्ट
किया गया है कि यदि इन आदेशों की पालना में कोई कोताही बरती गई, तो संबंधित कर्मचारी
के खिलाफ सख्त अनुशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चर्चा है कि सरकार को लगातार मैनेजर अभिषेक के
खिलाफ शिकायतें मिल रही थी। आरोप है कि अभिषेक बंसल ने परिवार पहचान पत्र को लेकर आई
शिकायतों का गंभीरता से निपटारा नहीं किया। तबादले के साथ ही विभाग ने सख्त हिदायत
दी है कि अभिषेक बंसल को हिसार कार्यालय से मिले सभी आधिकारिक दस्तावेज और सरकारी सामान,
जैसे लैपटॉप और फर्नीचर आदि तुरंत वापस जमा कराने होंगे। इस आदेश में विभाग ने पहले
ही स्पष्ट कर दिया है कि इस संबंध में किसी भी प्रकार का कोई आवेदन या दलील स्वीकार
नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर