हिसार : कांस्टेबल की मौत का आरोपित एएसआई गिरफ्तार

 

दोस्त के लाइसेंसी हथियार कार्यक्रम में लाकर

की थी हर्ष फायरिंग, दूसरे आरोपित को रिमांड के बाद जेल भेजा

हिसार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के

गांव सिंघवा खास में जलवा पूजन कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में दिल्ली पुलिस के

कांस्टेबल अमरजीत की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हरियाणा

पुलिस के एएसआई सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को कोर्ट में

पेश किया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। वहीं, मामले में गिरफ्तार

दूसरे आरोपित भिवानी निवासी मनोज को पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश किया

गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार सिंघवा खास निवासी हरियाणा पुलिस

के एएसआई सुरेंद्र और उसके दोस्त भिवानी निवासी मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

किया गया था। मनोज को पुलिस ने तीन दिन पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया

कि 23 सितंबर को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुरेंद्र सुबह मनोज के पास पहुंचा

था और उसके लाइसेंसी रिवाल्वर व डोगा बंदूक लेकर कार्यक्रम में चला गया था। मनोज उसके

साथ कार्यक्रम में नहीं गया था।

पुलिस के अनुसार सुरेंद्र ने दोनों हथियार कार्यक्रम

में लाकर उनसे फायरिंग की। फायरिंग के दौरान चली गोली दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अमरजीत

को लगी थी। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाएगी कि अमरजीत को गोली किस हथियार से

लगी थी। इसके अलावा उस गाड़ी को भी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे मुख्य आरोपित

कार्यक्रम के बाद वहां से गया था। पुलिस के अनुसार मनोज ने अपने लाइसेंसी हथियार दूसरे

व्यक्ति को देकर कानून का उल्लंघन किया तथा एक खाली खोल को भी खुर्द-बुर्द किया।

मनोज से रिवाल्वर बरामद

पुलिस ने तीन दिन पहले भिवानी निवासी मनोज को

गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि 23 सितंबर को कार्यक्रम में शामिल होने

के लिए सुरेंद्र सुबह उसके पास आया था और उसके दोनों लाइसेंसी हथियार लेकर चला गया

था। वह स्वयं सुरेंद्र के साथ नहीं गया। अगले दिन सुरेंद्र ने उसे बताया कि हथियार

से गोली चल गई है और एक हेड कांस्टेबल को गोली लगी है, जो ठीक है। इसके बाद सुरेंद्र

रिवाल्वर मनोज को देकर चला गया, जबकि बंदूक उसके पास ही रही। सुरेंद्र ने बंदूक अगले

दिन देने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं आया। पुलिस ने रिमांड के दौरान मनोज

से रिवाल्वर बरामद कर ली।

बस थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि मामले के

मुख्य आरोपित सुरेंद्र को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का

पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान उस हथियार को बरामद किया जाएगा, जिससे गोली

चलाई गई थी। इसके साथ ही उस गाड़ी की भी बरामदगी का प्रयास किया जाएगा, जिससे आरोपित

वहां से गया था। उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपित मनोज से रिमांड के दौरान रिवाल्वर

बरामद की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर