हिसार : एचटेट परीक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस ने कमर कसी
दो दिनों में तीन चरणों में होने वाली परीक्षा
में शामिल होंगे 22 हजाार 429 परीक्षार्थी
हिसार, 03 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा शिक्षक पात्रता
परीक्षा (एचटीईटी) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने प्रबंध
पूरे कर लिए हैं। उपायुक्त महेन्द्रपाल ने विभिन्न केन्द्रों का दौरा करके प्रबंधों
का जायजा लिया। रोडवेज ने परीक्षार्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त प्रबंध
किए हैं वहीं पुलिस की ओर से भी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
शनिवार व रविवार को तीन चरणों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 22 हजाार 429 परीक्षार्थी
परीक्षा देंगे।
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) शनिवार
व रविवार को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। जिले में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई
है। यह परीक्षा दो दिनों में तीन चरणों में होगी। शनिवार को दोपहर बाद एक शिफ्ट की
परीक्षा होगी, जिसमें 7433 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। रविवार को पहली व दूसरी शिफ्ट
के तहत दो चरणों में परीक्षा होगी। पहली शिफ्ट में 11 हजार 641 व दूसरी शिफ्ट में
3355 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
हरियाणा बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार
4 जुलाई को सांयकालीन सत्र में दोपहर बाद तीन बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की
परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30
बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से
5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन
के लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने शुक्रवार को फतेह चंद महिला कॉलेज, एफसी कॉलेज व राजकीय
महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त
ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक की तैनाती की जाएगी। सभी केंद्रों
पर डीवीआर, जैमर, सीसीटीवी कैमरे तथा कंट्रोल रूम स्थापित जैसी व्यवस्थाएं पूर्ण कर
ली गई है। उनके साथ डीईओ रतन लाल, एसडीएम ज्योति मित्तल सहित शिक्षा विभाग व संबंधित
विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के सफल एवं सुचारू
संचालन को लेकर रोडवेज प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवाओं
की व्यवस्था की है। महाप्रबंधक राहुल मित्तल एवं यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया
कि चार जुलाई को सायं 3 बजे से 5:30 बजे तक ने वाली लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा के मद्देनजर
परीक्षार्थियों को दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा
समाप्ति के बाद सायं 5:30 बजे से 7:15 बजे तक वापस लाने के लिए विशेष बसें निर्धारित
रूटों पर संचालित होंगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर
जारी
यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि रोडवेज
परिसर में विभिन्न स्थानों पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
किया गया है। इसके तहत परीक्षार्थी 233285 पर संपर्क करके बस रूट संबंधित जानकारी ले
सकता है। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने के
लिए विभाग का एक-एक कर्मचारी तैयार है। उन्होंने आश्वस्त किया
कि एचटेट परीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों का कोई रूट प्रभावित नहीं होगा क्योंकि
ग्रामीण क्षेत्रों से भी परीक्षार्थियों को परीक्षा देने आना होता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर