हिसार : इंटर्न-उत्सव-2026 के स्वयंसेवकों का अभिनंदन समारोह
अब तक 600 से अधिक छात्रों का समर इंटर्नशिप
के लिए चयन
हिसार, 6 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से सेमिनार हॉल-2
में इंटर्न-उत्सव-2026 के अंतर्गत स्वयंसेवकों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर तकनीकी सलाहकार
(एचआरएम) प्रो. संदीप राणा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार काे स्वयंसेवकों
के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की और विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीमवर्क तथा संगठनात्मक
कौशलों को विकसित करने में ऐसे कार्यक्रमों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इंटर्न-उत्सव
जैसी इंटर्नशिप फेयर विद्यार्थियों को वास्तविक दुनिया का अनुभव प्राप्त करने, उद्योग
की अपेक्षाओं को समझने और अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती
है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रयास अकादमिक-उद्योग इंटरफेस को मजबूत करते हैं और
विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव तथा रिक्रूटर्स के साथ सीधे संपर्क के माध्यम से
सूचित करियर विकल्प चुनने में सक्षम बनाते हैं। प्रो. संदीप राणा ने कहा कि वॉलंटियरिज्म युवा
पेशेवरों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त
माध्यम है।
इस अवसर पर लगभग 100 छात्र स्वयंसेवकों को इस
मेगा इंटर्नशिप पहल को सफल बनाने में उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
स्वयंसेवकों ने मीडिया, डेटा, स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन, रिक्रूटर्स आउटरीच, इंटर्नशिप
प्लेटफॉर्म, कोलैबोरेशन एवं स्पॉन्सरशिप तथा ऑपरेशंस एवं लॉजिस्टिक्स जैसी विभिन्न
फंक्शनल टीमों में कार्य किया। इन टीमों का नेतृत्व नैतिक एवं कल्पनाय अमन यादव, मुस्कान
सरावगी एवं सुचितय चेतन एवं अंकिताय उत्कर्ष, किरण एवं देवांक्षीय रविशंकर एवं काशिशय
ईशा एवं सक्षमय तथा लोकेश एवं यशिका द्वारा किया गया। समग्र समन्वय नवीन (ओवरऑल कोऑर्डिनेटर)
तथा सिया, मेहता, अर्पित एवं काशिश (ओवरऑल ज्वाइंट कोऑर्डिनेटर्स) के नेतृत्व में संपन्न
हुआ।
प्लेसमेंट निदेशक डा. प्रताप सिंह ने बताया कि
इंटर्न-उत्सव-2026 एक ऐतिहासिक पहल के रूप में उभरा है, जिसने अकादमिक एवं उद्योग जगत
के बीच प्रभावी सेतु का कार्य किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर