हरियाणा सिविल सचिवालय में 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय एकता दिवस
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिलाएंगे एकता की शपथ
चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित होगा। इस दौरान हरियाणा सिविल सचिवालय और न्यू सचिवालय भवन में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई जाएगी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस शपथ का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराना तथा देश की एकता एवं अखंडता के समक्ष वर्तमान और संभावित चुनौतियों का सामना करने के लिए राष्ट्र की सामूहिक शक्ति एवं दृढ़ संकल्प को सुदृढ़ करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा