हरियाणा में शिक्षा अब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी: रणदीप सुरजेवाला

 

चंडीगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के चार विश्वविद्यालयों में एसीबी द्वारा जांच शुरू किए जाने पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्य सभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्य सरकार को घेर लिया है।

चंडीगढ़ में गुरुवार को जारी बयान में रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में “शिक्षा के केंद्र” अब 'लूट और भ्रष्टाचार के अड्डे' बन गए हैं। चार बड़ी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पर विजिलेंस जांच इस बात का सबूत है कि सरकार की नाक के नीचे कैसे युवाओं के भविष्य को लूटा जा रहा है।

सुरजेवाला ने कहा कि डीक्रस्ट मुरथल में प्राइवेट बैंकों के साथ सेटिंग के बाद छात्रों के फंड में 50 करोड़ का फर्जीवाड़ा हुआ है। हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में नॉन टीचिंग स्टाफ की भर्तियों में बड़ा घोटाला हुआ है।

सुरजेवाला ने कहा कि एसकेएयू कुरुक्षेत्र में दलितों व पिछड़ों के अधिकारों का हनन करते हुए नौकरियों में आरक्षण के नियमों की अवहेलना की गई है। एमडीयू रोहतक में पद का दुरुपयोग करते हुए खरीदो-फरोख्त में फर्जीवाड़ा हुआ है।

कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा कि जब यूनिवर्सिटी के वीसी ही करोड़ों डकारने, अपनों को नौकरी बांटने और आरक्षण खत्म करने में लगे हैं, तो हरियाणा के युवाओं का क्या होगा। क्या यह सब सरकार की मिलीभगत के बिना मुमकिन है। आज हरियाणा के लाखों युवा जवाब मांग रहे हैं। इन भ्रष्ट लोगों पर सिर्फ 'जांच का दिखावा' नहीं, बल्कि तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार जांच को समयबद्ध करे और जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा