हरियाणा में लागू हाेगा स्टंबल लैब प्रोजेक्ट, शिक्षा मंत्री ने कैथल में की शुरूआत
कैथल, 29 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार को पूंडरी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से ड्रीम प्रोजेक्ट स्टंबल लैब का उद्घाटन किया। इस लैब से प्रशिक्षित बच्चों के आत्मविश्वास को देखते हुए शिक्षा मंत्री प्रभावित दिखे और मौके पर ही घोषणा की कि स्टंबल लैब प्रोजेक्ट पूरे प्रदेश में लागू करने के लिए योजना बनाई जाएगी। इससे छोटे-छोटे बच्चों का भी इतना आत्मविश्वास बढ़ा है कि वे सभी से पूरे उत्साह से बातचीत कर रहे हैं।
कैथल की डीसी अपराजिता के प्रयासों की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को इससे काफी लाभ मिलेगा। स्टंबल लैब की कल्पना डीसी अपराजिता ने की थी। तीन माह पहले सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट में बच्चों को मुख्य रूप से किसी एक काम में असफल होने पर निराश होने की बजाए, दोगुने उत्साह के साथ फिर से अगली गतिविधि में भाग लेकर सफल होने की प्रेरणा देना ही इसका मुख्य उद्देश्य है।
मंत्री महीपाल ढांडा बुधवार दोपहर के समय स्कूल में पहुंचें। जहां डीसी अपराजिता सहित विधायक सतपाल जांबा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने इस प्रोजेक्ट का विधिवत रूप से उद्घाटन किया। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष ने प्रोजेक्ट की जानकारी दी। इसके बाद डीसी अपराजिता ने पूरे प्रोजेक्ट के बारे में बताया। साथ ही मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी दिव्यता ने प्रोजेक्टर के माध्यम से अब तक हुई गतिविधियों, उनके परिणाम, स्टंबल लैब के तहत भविष्य में किए जाने वाले कार्याें, उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद मंत्री ने चार कक्षाओं में जाकर स्टंबल लैब के तहत की जा रही गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों से सवाल पूछे। मंत्री बच्चों के आत्मविश्वास से इतना प्रभावित हुए कि प्रोजेक्ट को पूरे प्रदेश में लागू करने का ऐलान कर दिया।
मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि यह शानदार प्राजेक्ट है। जो बच्चों में स्पष्ट बोलना, घबराहट दूर करना, झिझक तोड़ना, आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करता है। जब शुरू से ही बच्चों की प्रतिभा निखर जाएगी तो वे दुनिया में कहीं असफल नहीं होंगे। जीवन के किसी भी तरह के दौर से गुजरेगा तो उसे आत्मश्विस रहेगा कि कैसे वह सफलता हासिल करे। इतनी कम उम्र में आईडिया क्रिएट करने की शक्ति विकसित हो रही है तो यह सराहनीय है। वे अचंभित हैं। डीसी अपराजिता ने यह अभियान चलाया है, यह सराहनीय है। इस पहले को पूरे प्रदेश में लेकर जाने की योजना बनाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि सभी अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों में दाखिले बढ़ाने की दिशा में काम करें। सरकारी स्कूलों में श्रेष्ठ गुरुजनों की बदौलत हरियाणा का परिणाम सुधर रहा है। उन्होंने सुपर 100 जैसी योजनाओं की सफलता की भी जानकारी भी दी। भाजपा सरकार स्कूल में बच्चों को उचित शिक्षा की व्यवस्था करके दे रही है।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि वे डीसी अपराजिता के आभारी हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को शुरू किया है। हरियाणा की कहावत है कि बादाम खाने से ज्यादा लोग ठोकर खाने से सीखते हैं। इस कहावत को यह स्टंबल लैब चरितार्थ करती है। इसका उद्देश्य बच्चे का डर निकालना है। वह खेल-खेल में आगे बढ़े। वे मंत्री जी के आभारी हैं और जिला प्रशासन के आभारी हैं कि इस प्रोजेक्ट को पूंडरी हलका से इसकी शुरुआत की है।
डीसी अपराजिता ने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में यूनिक होता है। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी दिव्यता, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे