हरियाणा में मनोज कुमार बने वित्त विभाग के विशेष सचिव, अनुपमा अंजलि नई उपायुक्त नारनौल

 


-राज्यपाल की मंजूरी के बाद आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

नारनाैल, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर अहम फेरबदल करते हुए दो आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार राज्यपाल की मंजूरी के बाद ये बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार जो वर्तमान में महेंद्रगढ़ (नारनौल) में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब हरियाणा सरकार के वित्त विभाग में विशेष सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति विभाग में रिक्त पद के विरुद्ध की गई है। मनोज कुमार के कार्यकाल में जिले में कई विकास योजनाओं को गति मिली थी, ऐसे में उनका स्थानांतरण प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं, वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी अनुपमा अंजलि को महेंद्रगढ़ (नारनौल) का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वे अब तक एचएसवीपी फरीदाबाद में प्रशासक तथा शहरी संपदा विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थीं। अनुपमा अंजलि अब मनोज कुमार का स्थान लेंगी और जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालेंगी।

सरकार के इस निर्णय के बाद अब महेंद्रगढ़ जिले में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नई उपायुक्त के कंधों पर होगी। खासतौर पर बुनियादी ढांचे, शहरी विकास और जनकल्याण योजनाओं में तेजी लाने की उम्मीद जताई जा रही है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और उन्हें अपने-अपने नए पदों पर शीघ्र कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला