हरियाणा में प्रियंका धोपरा की राज्य सूचना आयुक्त पद पर नियुक्ति रद्द
23 मई 2025 को जारी नियुक्ति आदेश में किया गया बदलाव
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य सूचना आयोग में प्रियंका धोपरा की राज्य सूचना आयुक्त के पद पर की गई नियुक्ति रद्द कर दी है। राज्यपाल की ओर से जारी आदेश के तहत 23 मई 2025 को जारी उस नियुक्ति आदेश को आंशिक रूप से संशोधित किया गया है, जिसमें प्रियंका धोपरा को राज्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया था।
नए आदेश के अनुसार, राज्य सूचना आयोग के गठन संबंधी पुराने आदेश में क्रम संख्या 4 पर दर्ज प्रियंका धोपरा का नाम हटा दिया गया है।
हरियाणा सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की प्रशासनिक सुधार शाखा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15 की उपधारा (3) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए प्रियंका धोपरा की नियुक्ति रद्द करने का फैसला लिया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की और से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 23 मई 2025 को जारी विभागीय आदेश में केवल प्रियंका धोपरा का नाम हटाने तक ही बदलाव किया गया है। इसके अलावा पुराने आदेश की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान पहले की तरह लागू रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा