हरियाणा में 99.99 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित

 


-बीएलओ को फॉर्म जमा कराने के लिए केवल दो दिन शेष

चंडीगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक 2,06,54,668 (99.99प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 1,72,28,926 (83.41प्रतिशत) गणना प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा डिजिटाइज्ड/अपलोड भी किया जा चुका है। शेष मतदाताओं के पास अपने भरे हुए गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस जमा कराने के लिए केवल दो दिन का समय शेष है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाता द्वारा अपना विवरण भरकर स्वयं अथवा परिवार के किसी सदस्य के हस्ताक्षर करने के बाद एक प्रति बीएलओ को जमा करनी है जबकि बीएलओ के हस्ताक्षरयुक्त दूसरी प्रति रसीद के रूप में अपने पास सुरक्षित रखनी है। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त होंगे।

यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त नहीं होता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता चाहें तो निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं। साथ ही हरियाणा के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की गई है कि वे अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें तथा आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्र भरवाकर बीएलओ को जमा करवाने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पूर्व मतदाता सूची के साथ मिलान करने पर जिन मतदाताओं के विवरण में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है, वे 31 जुलाई 2026 के बाद आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराएं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जो मतदाता किसी कारणवश अपना गणना प्रपत्र निर्धारित अवधि में बीएलओ को वापस जमा नहीं करा पाएंगे वे 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों सहित फॉर्म-6 भरकर अपना नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा