हरियाणा के दो राज्यसभा सांसदों ने की शपथ ग्रहण
चंडीगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा से हाल ही में चुने गए दो राज्य सभा सांसदों ने गुरुवार को दिल्ली में आयोजित विशेष सत्र के दौरान शपथ ग्रहण की। बीती 16 मार्च को हरियाणा में राज्य सभा की दो सीटों के लिए मतदान हुआ था। एक सीट पर भाजपा के संजय भाटिया निर्विरोध चुने गए थे जबकि दूसरी सीट पर भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को हराकर कांग्रेस के कर्मवीर बोध राज्य सभा चुनाव जीते थे।
दोनों प्रतिनिधियों का कार्यकाल आठ अप्रैल को शुरू हो चुका है। उस समय सदन की कार्यवाही नहीं चल रही थी। लिहाजा गुरुवार को विशेष सत्र के दौरान सभापति एवं उपराष्ट्रपति सी.पी. कृष्णन ने संजय भाटिया तथा कर्मवीर बोध को पद व गोपनियता की शपथ दिलाई। इस दौरान सदन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सोनिया गांधी भी मौजूद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा