हरियाणा की दो दर्जन सीटों पर वोटों की मिसमैचिंग, सात प्रतिशत का अंतर कैसे आया : हुड्डा
- विधानसभा में हुड्डा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
- प्रदेश पर 4.56 लाख करोड़ का कर्ज, शिक्षा-स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में गुरुवार को आयोजित विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उनका प्रमुख मुद्दा विधानसभा चुनाव के मतदान आंकड़ों में कथित गड़बड़ी का रहा।
हुड्डा ने दावा किया कि प्रदेश की 23 विधानसभा सीटों पर वोटों की मिसमैचिंग है। उन्होंने पूछा कि एक ही दिन में मतदान प्रतिशत में सात प्रतिशत का अंतर कैसे आया। उनके मुताबिक चुनाव आयोग से जवाब मांगा गया था, लेकिन अब तक संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र के चार स्तंभों में से किसी एक के कमजोर होने का असर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ता है।
उन्होंने मीडिया और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी जवाब दिया जाना चाहिए। प्रदेश को विकसित बताने के दावों पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि स्कूल बंद हो रहे हैं और कालेजों में शिक्षकों के करीब 50 प्रतिशत पद खाली हैं। स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन किसानों को अपेक्षा के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की जरूरत है, जबकि बजट में केवल छह हजार करोड़ रुपये रखे गए हैं।
कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में 60 से 70 गैंगस्टर गिरोह सक्रिय हैं। रोहतक में रात के समय करीब 100 राउंड गोलियां चलने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा।
हुड्डा ने नीति आयोग की 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा पर 4.56 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और इसके अलावा भी कई वित्तीय देनदारियां हैं। उन्होंने सरकार से प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने पर ध्यान देने को कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा