सोनीपत: हरियाणा बिजली कर्मचारियों ने किया तीन घंटे सांकेतिक कार्य का बहिष्कार
सोनीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में हरियाणा के बिजली निगमों में 11 से 13 अगस्त तक प्रस्तावित राज्यव्यापी हड़ताल
को सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोनीपत और गोहाना के बिजली
कर्मचारियों ने तीन घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार कर सोमवार को आंदोलन की शुरुआत
की। कर्मचारियों ने सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों
के समर्थन में सभा की और आगामी आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की।
कर्मचारी
नेताओं ने बताया कि बिजली निगमों के निजीकरण, पैरेलल लाइसेंस व्यवस्था लागू करने और
नया कृषि वितरण निगम बनाने के प्रस्ताव के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उनका
कहना है कि इन प्रस्तावों से बिजली व्यवस्था और कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे।
इसलिए सरकार से इन्हें वापस लेने की मांग की जा रही है। नेताओं
ने बताया कि 11 से 13 अगस्त तक होने वाली राज्यव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए चरणबद्ध
कार्यक्रम तय किया गया है। पहले दिन मंडल स्तर पर बैठक और प्रदर्शन किया गया। अगले
दिन उपमंडल स्तर पर कर्मचारियों से संपर्क किया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में पंचायतों
और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलकर उन्हें प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और
हड़ताल में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा।
प्रदर्शन
के दौरान कर्मचारियों ने कनिष्ठ अभियंता के पदोन्नति कोटे में बढ़ोतरी, संवर्ग से जुड़ी
विसंगतियां दूर करने तथा लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान करने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर या तेल की कमी के मामलों में कर्मचारियों के वेतन
से की जाने वाली वसूली तत्काल बंद करने की मांग की गई। कर्मचारियों का कहना है कि कई
मामलों में बिना उचित कारण आर्थिक भार कर्मचारियों पर डाल दिया जाता है। कर्मचारी नेताओं
ने कहा कि बिजली निगमों के सभी कर्मचारी संगठन इस आंदोलन में एकजुट हैं और साझा मांगों
को लेकर संयुक्त रूप से संघर्ष करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना