सोनीपत: हरियाणवी गायक की रेंज रोवर पर फायरिंग का आरोपी मुठभेड़ में काबू

 


सोनीपत, 04 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणवी

गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग के मामले में वांछित बदमाश रोहित

शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। बारोटा-छतहेरा मार्ग पर विशेष कार्यबल

और दिल्ली अपराध शाखा की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में रोहित के दोनों पैरों

में गोली लगी है। घायल बदमाश को सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस

के अनुसार रोहित पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ लूट, हत्या के

प्रयास, रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस

के मुताबिक, रोहित के बारोटा-छतहेरा क्षेत्र में आने की सूचना मिली थी। टीम ने संदिग्ध

बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस

टीम पर दो गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें उसके

दोनों पैरों में गोली लगी। मौके से पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया गया है। पुलिस

ने उसे काबू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित

का नाम दिलेर खरकिया की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में आया था। 17 सितंबर की रात

भिवानी के खरक कलां गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर पर बाइक सवार

बदमाश ने गोली चलाई थी। घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। उस समय दिलेर गाड़ी में मौजूद

नहीं थे, जिससे वह सुरक्षित बच गए। वारदात के बाद इंटरनेट मीडिया पर अनिल पंडित के

नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए धमकी

दी गई थी।

एसआईटी

इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि रोहित हिसार में टोल मैनेजर की हत्या के

मामले में भी शामिल रहा है। इसके अलावा दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले

में भी उसका नाम सामने आया था। इस वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी

तलाश कर रही थी। रोहित के लॉरेंस गैंग से संबंध हैं। इसके अलावा सोनीपत में व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले

में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पहले भी पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर चुकी

थी, लेकिन वह मौके से निकल गया था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर फायरिंग की पूरी साजिश,

उसके साथियों और हथियार उपलब्ध कराने वालों के बारे में जानकारी जुटाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना