सोनीपत: सेवा संकल्प तैयारियों के लिए नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए

 


सोनीपत, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से

17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त

उपायुक्त एवं जिला नोडल अधिकारी अजय चोपड़ा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों

की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम

सफल बनाने के निर्देश दिए।

एडीसी

ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया और रक्तदान कार्यक्रम

से होगी। जिले के सभी बूथों, अमृत सरोवरों और निर्धारित स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे।

गन्नौर, खरखौदा, गोहाना और सोनीपत में भी कार्यक्रम होंगे। सोनीपत में खाटू श्याम मंदिर,

जिले के पांच द्वार, स्वर्ण जयंती पार्क और नगर निगम कार्यालय समेत अन्य स्थानों पर

दीप प्रज्ज्वलन होगा। सेवा

ज्योति कलश यात्रा के तहत सात अक्टूबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस लाइन में होगा।

जिले के चारों उपमंडलों से यात्राएं यहां पहुंचेंगी। सेवा सेतु अभियान के तहत खंड स्तर

पर जनसेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभागों के स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान

और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

आंगन

मिलन सेवा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इनमें बच्चों

और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला विकास के प्रति जागरूक किया जाएगा। मेरे सपनों

का भारत-चित्र सेवा के तहत स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। सेवा

मेरा योगदान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर 25 सेवा गतिविधियां

होंगी। इनमें रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, योग, प्लास्टिक मुक्त समाज

और वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग शामिल हैं। सेवा के रंग, राष्ट्र के संग के तहत प्राकृतिक

सामग्री से रंगोली बनाई जाएगी। अभियान

के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एडीसी ने अधिकारियों

को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।

बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र, एसडीएम अमित भारद्वाज, सीटीएम सिमरन, जिला परिषद की चेयरपर्सन

मोनिका दहिया, सीईओ डॉ. अनमोल, डीडीपीओ मनीष मलिक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना