सोनीपत: सब्जी मंडी शिफ्टिंग, आटो मार्केट, नए बस स्टैंड निर्माण में प्राथमिकता से करें काम
- ड्रेन नंबर-6, नगर
निगम भवन सुभाष स्टेडियम निर्माण कार्यो में लाएं तेजी
सोनीपत, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन और सोनीपत विधानसभा
क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय
चंडीगढ़ में बुधवार को बैठक हुई । जिसमें विधायक निखिल मदान मुख्यमंत्री घोषणाओं की
प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों विकास कार्यों को जल्द से जल्द
धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
विधायक निखिल मदान ने बैठक में सोनीपत की सब्जी मंडी को वर्तमान
स्थान से अनाज मंडी के पीछे नई जगह पर शिफ्ट करने, जाट जोशी में 6.36 एकड़ भूमि पर
प्रस्तावित नए बस स्टैंड की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) जल्द जारी करने की जरुरत है।
आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण शहर की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है।
विधायक ने ड्रेन नंबर-6 को कवर करने के शेष बचे कार्य को भी
जल्द पूरा करने और नगर निगम के नए भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश
दिए गए। सुभाष स्टेडियम में प्रस्तावित मल्टीपरपज हॉल, सिंथेटिक ट्रैक और अन्य खेल
सुविधाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करें। विधायक निखिल
मदान ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा हो और जहां भी किसी
प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा आ रही है, उसे संबंधित विभाग आपसी तालमेल से दूर
करें। सोनीपत की जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं
की जाएगी और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के लिए निरंतर
प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ में आयोजित विशेष बैठक में विधायक
निखिल मदान ने शहर में मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण, ऑटो मार्केट बहालगढ़ रोड को
सेक्टर 3 में शिफ्ट करने और सोनीपत की सभी सड़कों को दुरुस्त करने संबंधी सभी कार्यों
को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना