सोनीपत: सजावटी उत्पाद तैयार करके खेड़ी तगा की स्वाति बनी उद्यमी

 


सोनीपत, 06 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर उपमंडल के गांव खेड़ी तगा की स्वाति त्यागी

अपनी सोच के साथ रचनात्मक उत्पाद तैयार कर रही हैं। वह डीआईवाई पेंट किट, घर की

सजावट से जुड़ी वस्तुएं, अलग-अलग डिजाइन की मोमबत्तियां और रूम फ्रेशनर बना रही हैं।

अपने उत्पादों को वह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ग्राहकों

तक पहुंचा रही हैं, जहां से उन्हें आर्डर भी मिल रहे हैं। स्वाति ने बताया कि कुछ अलग

करने की इच्छा ने उन्हें इस काम की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। वह ऐसे उत्पाद

तैयार करना चाहती थीं, जो देखने में आकर्षक होने के साथ लोगों के लिए उपयोगी भी हों।

इसी सोच के साथ उन्होंने अलग-अलग तरह की वस्तुएं बनानी शुरू कीं। उनकी डीआईवाई पेंट

किट के माध्यम से लोग खुद रंग भरकर अपनी पसंद के अनुसार कलाकृतियों को तैयार कर सकते

हैं। इसके अलावा घर की सजावट के लिए विभिन्न डिजाइन के उत्पाद, आकर्षक मोमबत्तियां

और रूम फ्रेशनर भी उनके उत्पादों में शामिल हैं।

स्वाति इंटरनेट मीडिया पर अपने उत्पादों

की तस्वीरें और जानकारी साझा करती हैं। इसके माध्यम से लोग उनके काम को देखते हैं और

आर्डर देते हैं। उनका कहना है कि भविष्य में वह अपने इस काम को और बड़े स्तर पर ले जाना

चाहती हैं। इसके लिए उत्पादों की संख्या और विविधता बढ़ाने के साथ काम का विस्तार करने

की योजना है। स्वाति के अनुसार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने का अर्थ केवल पैसे कमाना

नहीं है, बल्कि इससे महिला का आत्मविश्वास और आत्मसम्मान भी बढ़ता है। उन्होंने महिलाओं

को संदेश दिया कि वे अपने हुनर को पहचानें और किसी पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर

बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना