सोनीपत: वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
सोनीपत, 09 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत में सस्ते दाम पर वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने का झांसा
देकर ओमैक्स सिटी निवासी एक व्यक्ति से एक लाख 79 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर नंबरों की बुकिंग, रिचार्ज और सिक्योरिटी राशि
के नाम पर नजरें अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाई। इसके बाद न तो मोबाइल नंबर दिए और न
ही पैसे वापस किए।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना सोनीपत में धोखाधड़ी का मामला
दर्ज किया गया है। ओमैक्स सिटी निवासी राजेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत
में बताया कि उनके पास व्हाट्सऐप पर एक व्यक्ति का संदेश आया था। उसने खुद को पंजाब
का रहने वाला बताते हुए सस्ते दाम पर वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी
ने पहले भी मोबाइल नंबर दिलवाने की बात कहकर विश्वास जीता और चार आकर्षक नंबर देने
का प्रस्ताव रखा।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले नंबर की बुकिंग के नाम पर
15 हजार और दूसरे नंबर के लिए 25 हजार रुपये जमा करवाए। इसके बाद रिचार्ज के नाम पर
22 हजार रुपये मांगे और इसे सिक्योरिटी राशि बताकर वापस करने का भरोसा दिया। दो अन्य
नंबर दिलाने के नाम पर 13 हजार रुपये और जमा करवाए गए।
पीड़ित के अनुसार, 2 नवंबर को सिक्योरिटी राशि के नाम पर
22-22 हजार रुपये की दो किस्तें जमा करवाई गईं। इसके बाद रिचार्ज के नाम पर 25 हजार
और 5 हजार रुपये लिए गए। 4 नवंबर की रात को आरोपी ने 30 हजार रुपये और जमा करवा लिए।
इस तरह 1 से 4 नवंबर के बीच नौ बार में कुल 1 लाख 79 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों
में ट्रांसफर करवाए गए।
शिकायत में छह बैंक खाताधारकों और कारोबारी संस्थानों के नाम
भी दिए गए हैं, जिनके खातों में रकम भेजी गई। आरोपी ने सभी भुगतान मिलने के बाद नंबर
देने या रकम वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन दोनों में से कोई बात पूरी नहीं की।
ठगी का पता चलने पर राजेन्द्र सिंह ने साइबर हेल्पलाइन
1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर
दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना