सोनीपत: विश्वकर्मा दिवस पर 45 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सोनीपत, 10 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर रेलवे रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर एवं धर्मशाला
में मंगलवार को विश्वकर्मा दिवस पर वार्षिक पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें
बतौर मुख्यातिथि विधायक देवेंद्र कादियान ने शिरकत की और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा
पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके साथ ही कादियान ने धर्मशाला में भवन निर्माण की
नारियल फोड़कर नींव रखी। कार्यक्रम में समाज के करीब 45 मेधावी बच्चों को पुरस्कार देकर
सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी
कौशल के प्रतीक है। उनका जीवन मेहनत, हुनर और रचनात्मकता के प्रति समर्पित रहने की
प्रेरणा देता है। उन्होंने आधुनिक दौर का जिक्र करते हुए कहा, आज का युग आर्टिफिशियल
इंटेलिजेंस (एआई) और नई तकनीक का है। ऐसे में हमारे कारीगरों को वक्त के साथ कदम से
कदम मिलाकर चलने के लिए पारंपरिक हुनर के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान हासिल करना होगा।
इस अवसर पर जोगिंद्र धीमान, चंद्रभान, जांगड़ा, मा. सुलेख, विनोद जांगड़ा, नरेश, श्रीराम,
जगदीश पांचाल, कर्मबीर, हरनारायण आदि मौजूद रहे।
वहीं गांव घसौली में बीसी चौपाल में भगवान श्री विश्वकर्मा
दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। बतौर मुख्यातिथि विधायक देवेंद्र कादियान ने शिरकत की
और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सरपंच महेश त्यागी व
ग्रामीणों ने विधायक का फूलमाला से स्वागत किया। विधायक कादियान ने कहा कि समाज में
भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के प्रथम रचनाकार हैं। उनके आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि
बनी रहे और समाज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। हर वर्ग को साथ लेकर क्षेत्र के विकास
को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर सरपंच महेश त्यागी, सुरेश, कृष्ण दत्त, जयभगवान,
राज प्रधान, पालेराम, नकली, आनंद, सुखबीर, श्रीभगवान आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना