सोनीपत: विश्वकर्मा जयंती मेहनत, रचनात्मक कर्म के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर: निखिल मदान
सोनीपत, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा
जयंती के अवसर पर विधायक निखिल मदान ने गुरुवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों
में हिस्सा लेकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों
को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए शिल्पकारों, कारीगरों और श्रमिकों के योगदान
को महत्वपूर्ण बताया।
विधायक
ने कालूपुर चुंगी स्थित विश्वकर्मा चौक पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप
प्रज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में
जांगड़ा समाज के प्रबुद्धजन, विश्वकर्मा समाज से जुड़े नागरिक, शिल्पकार, कारीगर और
श्रमिक मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने विश्वकर्मा धर्मशाला में प्रसाद ग्रहण किया। मोहन
नगर में आयोजित विश्वकर्मा पूजा में भी विधायक शामिल हुए।
निखिल
मदान ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, सृजन, शिल्प और तकनीकी कौशल का प्रतीक
माना जाता है। विश्वकर्मा जयंती मेहनत, हुनर और कर्म के प्रति सम्मान प्रकट करने का
अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में कारीगरों, शिल्पकारों, श्रमिकों, तकनीकी
विशेषज्ञों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों की अहम भूमिका है।
उन्होंने
कहा कि पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा
किए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और
शिल्पकारों को पहचान, कौशल प्रशिक्षण, औजार, ऋण सहायता और बाजार तक पहुंच जैसी सुविधाएं
देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास अपनाकर अपनी प्रतिभा
को रोजगार और स्वरोजगार में बदलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा
की आरती की गई। मौके
पर संस्था के प्रधान राम चंद्र पांचाल, सचिव सतपाल, रमेश चंद्र, पूर्व प्रधान भले राम
जांगड़ा, राजकुमार पांचाल, जय नारायण डांगी, कलावती पांचाल, पूर्व प्रधान जगदीश जांगड़ा,
जय भगवान जांगड़ा, पालेराम पांचाल, चंद्रिका ठेकेदार, रमेश ठेकेदार, कलिराम, रघुबीर
सिंह जांगड़ा, दिनेश जांगड़ा, राजन ठेकेदार और शीतल ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना