सोनीपत: विकासशील सोच वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है: राव नरेंद्र सिंह
सोनीपत, 22 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मेयर प्रत्याशी कमल दीवान के नामांकन
के अवसर पर बुधवार को कार्यकर्ताओं की सभा में कहा कि विकासशील सोच वाले उम्मीदवारों
को मैदान में उतारा है। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद
रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश दिखाई दिया।
राव नरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील
की कि वे कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव पूरी मजबूती और जनसमर्थन के साथ लड़ रही
है। पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतार रही है जिनकी छवि साफ है, जो जनसेवा
के प्रति समर्पित हैं और विकास की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों
पर खरा उतरना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की नीतियां
शहर के विकास और जनहित को नई दिशा देंगी।
उनके अनुसार स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से प्रशासन अधिक
संवेदनशील और जवाबदेह बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के मुद्दों का
राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है। उनका कहना था कि सुनियोजित साजिश के तहत महिला
आरक्षण विधेयक को लागू नहीं होने दिया गया और इसका दोष कांग्रेस पर डालने की कोशिश
की । राव नरेंद्र सिंह
ने भरोसा जताया कि निकाय चुनावों में कांग्रेस को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना