सोनीपत: मेयर चुनाव में नौ उम्मीदवार मैदान में, चिन्ह बांटे

 


सोनीपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। नगर

निगम सोनीपत आम चुनाव-2026 के तहत मेयर पद के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी

हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि मंगलवार को कवरिंग

उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग उम्मीदवार

दिव्यांग जैन और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की कवरिंग उम्मीदवार मेघा दीवान ने नामांकन

वापस लिया।

अब मेयर

पद के लिए नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। सभी उम्मीदवारों को उनके चुनाव

चिन्ह भी अलॉट कर दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजीव जैन को कमल का

फूल चुनाव चिन्ह मिला है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान को हाथ

का निशान दिया गया है। इंडियन नेशनल लोकदल के उम्मीदवार आनंद कुमार को चश्मा चुनाव

चिन्ह मिला है।

निर्दलीय

उम्मीदवारों में रमेश कुमार खत्री को रोड रोलर, कमलेश कुमार सैनी को सेब, संत धर्मवीर

चोटीवाला को ब्लैक बोर्ड, अनल सिंघल को घड़ी, चांद राम को आम और हवा सिंह को अंगूर

का गुच्छा चिन्ह दिया गया है। प्रशासन ने मतदान और मतगणना की तैयारियां पूरी होने का

दावा किया है।

मेयर

और पार्षद पद के लिए मतदान दस मई को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक होगा। मतगणना तेरह

मई को सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित

करने के लिए आवश्यक कार्रवाई पूरी करने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना